जाखल तीज महोत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब
निसं
बुगाला (नवयत्न)। जाखल तीज मेला महोत्सव में शनिवार को धार्मिक आस्था, लोक परंपरा, खेल, मनोरंजन और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। सायंकाल गोपीनाथ मंदिर से तीज माता की सवारी प्रारंभ हुई, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए बाबा सुंदरदास गोपाल गौशाला पहुंची। यात्रा के दौरान जगह-जगह महिलाओं द्वारा पुष्प वर्षा कर तीज माता का स्वागत किया गया। गौशाला प्रांगण में पहुंचने के बाद बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुष श्रद्धालुओं ने तीज माता के दर्शन किए तथा पूजा-अर्चना में भाग लिया। पंडित मदन गोपाल शर्मा द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना करवाई गई। इस अवसर पर विधायक विक्रम सिंह जाखल ने भी कार्यक्रम में शिरकत कर तीज माता का आशीर्वाद लिया। शोभायात्रा में घोड़े और बैंड भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे।
जाखल कप का विधिवत शुभारंभ
मेला परिसर में ही जाखल कप कबड्डी प्रतियोगिता का भी विधिवत शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता में करीब 35 टीमें भाग ले रही हैं। खेल प्रतियोगिता के संयोजक राहुल कस्वां ने बताया कि प्रतियोगिता को विधायक विक्रम सिंह जाखल के सहयोग से आयोजित करवाया जा रहा है। कबड्डी मुकाबलों को देखने के लिए भी बड़ी संख्या में खेलप्रेमी पहुंचे।
झूले, सर्कस और बाजार में उमड़ी भीड़
मेले में मनोरंजन के लिए 20 से अधिक विभिन्न प्रकार के झूले लगाए गए हैं। वहीं न्यू कमल सर्कस और जल परी भी लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। मेले में लगे विभिन्न बाजारों और दुकानों पर भी दिनभर लोगों की भीड़ रही। लोगों ने खान-पान के विभिन्न व्यंजनों का स्वाद लिया और जमकर खरीदारी की। पूरे मेला परिसर में देर शाम तक चहल-पहल बनी रही। मेले के दौरान सेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए दर्शन आश्रम की ओर से भंडारा सेवा का शुभारंभ किया गया। इसके तहत मेले में बाहर से आए आगंतुकों, दुकानदारों, स्वयंसेवकों एवं अन्य सेवा में जुड़े लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है। मेले के दौरान रील प्रतियोगिता भी रखी गई है। श्रेष्ठ रील बनाने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा।