बुगाला में हर्षोल्लास से मनाया स्वतंत्रता दिवस
निसं
बुगाला (नवयत्न)। राउमा विद्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता हीरानन्द बुगालिया ने की। मुख्य अतिथि प्रशासक आनन्द बुगालिया एवं उप प्रधानाचार्य रेणु शर्मा ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सभी का मन मोह लिया। समारोह में भामाशाह राकेश सैनी की ओर से बोर्ड परीक्षाओं में 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप 500-500 रुपए नकद पुरस्कार दिए गए। इस दौरान विद्यार्थियों को मेहनत और लगन से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया गया। इसी क्रम में राउप्रा स्कूल सिरस जोहड़ में बनवारी लाल ओळख की अध्यक्षता में प्रधानाध्यापक विनोद कुमार, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ हिमांशी खंडेलवाल तथा आयुर्वेद औषधालय में डॉ रोहितास शर्मा ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। उधर जाखल के सीनियर सेकेंडरी स्कूल में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समुद्र सिंह कडायल ने की। प्रधानाचार्य सुरेंद्र पारीक एवं श्रवण सिंह शेखावत ने ध्वजारोहण किया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। समारोह में विद्यालय स्टाफ, विद्यार्थी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।