संत शिरोमणि अखाराम दादाजी महाराज के समाधि दिवस पर होंगे दो दिवसीय धार्मिक आयोजन
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न)। सिद्धपीठ परसनेऊ धाम में हनुमान भक्त संत शिरोमणि अखाराम दादाजी महाराज के समाधि दिवस के अवसर पर दो दिवसीय धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं तथा मंदिर को विशेष सजावट और फूलों से सजाया जा रहा है। मंदिर के पुजारी जगदीश, श्रवण एवं किशन ने बताया कि 30 सितंबर की रात्रि को मंदिर परिसर स्थित हरजी भवन में विशाल भजन संध्या का आयोजन होगा। इसमें स्थानीय एवं बाहर से आने वाले कलाकार दादाजी महाराज के चरणों में भजनों की प्रस्तुति देंगे। उन्होंने बताया कि 1 अक्टूबर को दादाजी महाराज का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। इसके बाद प्रात: सवा 5 बजे दिव्य ज्योत का आयोजन होगा तथा सुबह 9 बजे महाप्रसाद का भोग लगाया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालु महाप्रसाद ग्रहण करेंगे। पुजारियों ने बताया कि इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन में राजस्थान के साथ ही देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालु दादाजी महाराज के दरबार में हाजिरी लगाकर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। मंदिर परिसर में आयोजन को लेकर विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।