जंगली जानवर ने तीन बकरियों का किया शिकार, ग्रामीणों में दहशत का माहौल
निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । खेतड़ी उपखंड के लूना की ढाणी में मंगलवार को जंगली जानवर ने तीन बकरियों पर हमला कर दिया। जंगली जानवर के हमले से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। जानकारी के अनुसार जंगली जानवर ने पशुपालक प्रभु दयाल गुर्जर की तीन बकरियों पर हमला कर दिया, जिसमें एक बकरी की मौके पर ही मौत हो गई, एक बकरी को पैंथर उठाकर ले गया तथा एक अन्य बकरी गंभीर रूप से घायल हो गई। जानकारी के अनुसार बाड़े के पास चर रही बकरियों को अपना शिकार बनाया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना देकर जंगली की तलाश और मवेशियों की जंगली जानवरों से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की।
सूचना मिलने पर वन विभाग के रेंजर पवन सिंह शेखावत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वन विभाग की टीम ने पगमार्क और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। विभाग द्वारा आसपास के क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई गई है तथा ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इसके बाद पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. अशोक जांगिड़ भी मौके पर पहुंचे और घायल बकरी की स्थिति का जायजा लिया। वहीं खेतड़ी पुलिस थाना की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही बढ़ी है, जिससे पशुधन को खतरा बना हुआ है। उन्होंने वन विभाग से जंगली जानवरों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण तथा प्रभावित पशुपालक को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। इस दौरान ग्रामीणों ने पशुपालक की आर्थिक स्थिति को देखते हुए मुआवजा देने की मांग की है।