देशी कट्टा एवं कारतूस के साथ आरोपी गिरफ्तार

नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न) । जिले की रतनगढ़ पुलिस टीम ने गश्त के दौरान गत देर रात्रि को 25 वर्षीय युवक के पास से एक देशी कट्टा एवं कारतूस बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया व आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी अनुसार एएसआई राजेंद्रसिंह मय जाप्ता गत रात्रि को गश्त कर रहे थे। जब वे संगम चौराहा पहुंचे, तो मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक के पास अवैध हथियार है तथा वह भागने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस तहसील के ग्राम भोजासर पहुंची, तो वहां पर एक युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने सजगता दिखाते हुए युवक को पकड़कर नाम पता पूछा, तो उसने अपना नाम 25 वर्षीय सुखबीर सिंह पुत्र कानसिंह राजपूत निवासी भोजासर बताया। जब भागने का कारण पूछा, तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया, जिस पर पुलिस ने उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के पास एक देशी कट्टा व कारतूस बरामद हुआ, जिस पर पुलिस ने इन्हें जब्त कर युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

You might also like