अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई, 45 टन बजरी की बरामद
निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । खेतड़ी पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए देर शाम को एक ट्रैलर को जब्त कर 45 टन बजरी बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने ट्रैलर ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया। थानाधिकारी बुद्धि प्रसाद ने बताया कि खेतड़ी के खनन क्षेत्र में अवैध खनन पर रोक लगाने को लेकर पुलिस की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि खनन क्षेत्र से अवैध खनन कर ट्रैलर भरकर लाए जा रहे हैं। एसपी कावेंद्र सिंह सागर के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया तथा मामले में प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान पुलिस ने मेहाड़ा से खेतड़ी की ओर आने वाली सड़क पर निजामपुर मोड़ चोटी के सामने नाकाबंदी कर खनन क्षेत्र से आ रहे वाहनों की जांच की गई। इस दौरान बसई की ओर से आ रहे डंपरों को रूकवाकर तलाशी ली गई। इस दौरान एक ट्रैलर में अवैध रूप से लाई जा रही थी। पुलिस ने बजरी से भरे ट्रेलर को रूकवाया तथा ट्रैलर की तलाशी ली तो उसमें ऊपर तक खनन क्षेत्र से अवैध रूप से भरकर लाई गई बजरी भरी हुई थी। जिस पर पुलिस ने ड्राइवर ढाणी लगरिया वाली तन चिरानी निवासी विक्रम से पूछताछ की तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। जिस पर पुलिस ने अवैध खनन कर बजरी ले जाने के मामले में ट्रेलर को जब्त कर लिया। इस दौरान पुलिस ने उसमें भरी 45 टन बजरी भी बरामद की है। थानाधिकारी ने बताया कि पुलिस की ओर से खनन क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। इस दौरान कोई भी व्यक्ति अवैध रूप से खनन व परिवहन करता पाया गया तो उसके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान टीम में थानाधिकारी बुद्धि प्रसाद, एएसआई प्रदीप कुमार, कांस्टेबल संदीप कुमार, अमित कुमार आदि शामिल थे।