पंचायत में फर्जी पट्टे जारी करने के मामले में कार्रवाई

निसं
खेतड़ी नगर (नवयत्न) । खेतड़ी उपखंड के पपुरना पंचायत में फर्जी पट्टा जारी करने के मामले में जिला परिषद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पपुरना ग्राम पंचायत के तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी को निलंबित कर दिया है। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) कैलाश चंद द्वारा जारी आदेश के अनुसार पंचायत समिति विकास अधिकारी द्वारा करवाई गई प्रारंभिक जांच में अनियमितताओं और नियमों के विरुद्ध पट्टा जारी करने की पुष्टि होने पर यह कार्रवाई की गई। निलंबित ग्राम विकास अधिकारी जयकिशन का मुख्यालय आगामी आदेश तक जिला परिषद मुख्यालय झुंझुनूं पंचायत प्रकोष्ठ में रखा गया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत पपुरना क्षेत्र में फर्जी तरीके से पट्टा जारी किए जाने की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला परिषद प्रशासन ने जांच करवाई, जिसमें दस्तावेजों में गड़बड़ी और प्रक्रिया में लापरवाही सामने आई। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद सीईओ ने तत्काल प्रभाव से निलंबन आदेश जारी कर दिए। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पंचायत स्तर पर पारदर्शिता बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। वहीं इस कार्रवाई के बाद पंचायत विभाग में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि फर्जी पट्टों के कारण कई जरूरतमंद लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है और सरकारी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होते हैं। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि मामले में अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

You might also like