भादर जी कुआं स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का एसडीएम ने किया निरीक्षण

गजेंद्र सिंह
सरदारशहर (नवयत्न) । भादर जी कुआं के पास स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का शनिवार को उपखंड अधिकारी रामकुमार वर्मा ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल प्रभारी डॉ. सोनू माली से अस्पताल की व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा मौजूद कमियों को लेकर विस्तार से चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम रामकुमार वर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र में अच्छी ओपीडी रहती है। इसके बावजूद यहां के डॉक्टर और चिकित्सा टीम मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने का लगातार प्रयास कर रही है, जो सराहनीय है।
अस्पताल प्रभारी डॉ. सोनू माली ने एसडीएम को अवगत करवाया कि अस्पताल में पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। साथ ही लेट-बाथ की व्यवस्था भी पर्याप्त नहीं होने से मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि इन व्यवस्थाओं में सुधार किया जाए तो मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
इसके अलावा अस्पताल में अतिरिक्त स्टाफ की आवश्यकता भी बताई गई। डॉ. माली ने कहा कि मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण दो अतिरिक्त नर्सिंग ऑफिसर लगाए जाने जरूरी हैं। वहीं फार्मा असिस्टेंट और डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद भी खाली होने से कार्य प्रभावित हो रहा है। इन पदों पर नियुक्ति होने से मरीजों को और बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाई जा सकेंगी।
इस पर एसडीएम रामकुमार वर्मा ने आश्वासन दिया कि अस्पताल की सभी समस्याओं से चिकित्सा विभाग के उच्च अधिकारियों को अवगत करवाकर जल्द समाधान करवाने का प्रयास किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान नर्सिंग अधिकारी तारा देवी, सविता, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता आरती, ममता, ललिता, कमल कुमार, दशरथ, कृष्ण कुमार, आरिफ, रोहित सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

You might also like