अन्नूूश्री फाउंडेशन की पहल बनी मिसाल, बीडीके में रक्तदान शिविर

सुरेंद्र शर्मा
झुंझुनूं (नवयत्न)। बीडीके अस्पताल में रक्त की कमी को दूर करने और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए शुक्रवार को अन्नूूश्री फाउंडेशन की ओर से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगाया गया। शिविर में फाउंडेशन के निदेशक डॉ. अन्नूूश्री और डॉ. अमित कुमार के नेतृत्व में चिकित्सकों, कर्मचारियों और समाजसेवियों ने रक्तदान किया। फाउंडेशन के करीब 30 सदस्यों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। फाउंडेशन के निदेशक डॉ. अमित कुमार ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से बीडीके अस्पताल में रक्त की कमी और खासकर हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (एचआरपी) वाली गर्भवती महिलाओं व गंभीर मरीजों के लिए रक्त की जरूरत की जानकारी सामने आ रही थी। इसे देखते हुए फाउंडेशन ने रक्तदान शिविर लगाने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन का प्रयास है कि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त मिल सके। उन्होंने अन्य सामाजिक संगठनों से भी रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।
सीएमएचओ ने की पहल की सराहना
शिविर का निरीक्षण करने पहुंचे सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने फाउंडेशन की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि बीडीके अस्पताल में एचआरपी गर्भवती महिलाओं और ट्रॉमा मरीजों की संख्या अधिक होने से कई बार रक्त की जरूरत बढ़ जाती है। ऐसे समय में स्वैच्छिक रक्तदान बहुत उपयोगी साबित होता है। उन्होंने फाउंडेशन के चिकित्सकों डॉ. अन्नूश्री और डॉ. अमित कुमार सहित पूरी टीम के प्रयास की सराहना की।
अधिकारियों ने बढ़ाया रक्तदाताओं का हौसला
शिविर में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी परशुराम धानका, सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर, पीएमओ डॉ. जितेंद्र भांबू, आरसीएचओ डॉ. दयानंद और नगर परिषद आयुक्त राकेश रंगा भी पहुंचे। अधिकारियों ने रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया और फाउंडेशन के प्रयास को जनहित में महत्वपूर्ण बताया।
पीएमओ डॉ. जितेंद्र भांबू ने कहा कि बीडीके अस्पताल में हाई रिस्क प्रेग्नेंसी और गंभीर मरीजों की संख्या को देखते हुए रक्त की जरूरत रहती है। स्वैच्छिक रक्तदान से ब्लड बैंक में रक्त का स्टॉक बना रहेगा और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त मिल सकेगा। अस्पताल प्रशासन ने लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की, ताकि किसी भी मरीज को रक्त की कमी के कारण परेशानी न हो।

You might also like