आसमां से कहीं आफत तो कहीं राहत बन बरसा ढाई इंच पानी

चूरू,(पीयूष शर्मा)1 जून। शहर में सोमवार दोपहर से शाम तक तेज सूंटे के साथ हुई बारिश ने उमस भरी गर्मी से राहत दी।

दोपहर करीब सवा तीन बजे शुरू हुई मध्यम बारिश छह बजे बाद तक बूंदाबांदी के रूप में होती रही। मौसम विभाग ने शाम छह बजे तक 63.6 मिमी यानि ढ़ाई इंच से अधिक बारिश दर्ज की। अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले उमस भरी गर्मी से हलकान रहे लोगों ने बारिश से खुशनुमा हुए मौसम का लुफ्त उठाया। शहर के झारिया मोरी, सुभाष चौक, सफेद घंटाघर क्षेत्र, भाईजी चौक, चूरू बालिका महाविद्यालय सहित अनेक मुख्य मार्गो, बाजारों व निचले इलाकों में भरे बरसाती पानी के कारण वाहन चालकों व राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। बच्चों ने गलियों में बहते बरसाती पानी में अठखेलियां कर सुहावने मौसम का लुफ्त उठाया।

बारिश से गिरा मदन का आशियाना
इसके अलावा शहर के वार्ड 50 निवासी मदनलाल रेगर पर आफत बन बरसी बारिश ने उसका पक्का आशियाना ढहा दिया। बारिश शुरू होने के बाद घर की पट्टियां अचानक गिर पड़ी। इस दौरान मकान के उस हिस्से में कोई नहीं होने से कोई जनहानि नहीं हुई।

You might also like