मां गायत्री री ढाणी में गणपति बप्पा मोरया के जयकारे गूंजे

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर पाबोलाव क्षेत्र के गायत्री नगर स्थित मां गायत्री री ढाणी में भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापना के साथ तीन दिवसीय गणेश उत्सव का शुभारंभ हुआ। इस दौरान ढाणी परिसर में श्रद्धा एवं भक्ति का माहौल रहा। श्री बापूजी ग्रुप ऑफ एजुकेशन के विद्यार्थियों द्वारा भगवान गणेश की प्रतिमा को ढाणी परिसर तक लाया गया। प्रतिमा के पहुंचने पर गणपति बप्पा मोरया और भगवान गणेश महाराज के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। मां गायत्री री ढाणी परिसर में बने भोजनशाला पंडाल में भगवान श्री गणेश की प्रतिमा विधि-विधान से स्थापित की गई। इसके बाद रतनगढ़ से पधारे पंडित नितिन तिवारी के सान्निध्य में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करवाए गए। पूजन में मां गायत्री री ढाणी की व्यवस्थापिका डॉ. ईशा गुर्जर एवं श्री बापूजी ग्रुप ऑफ एजुकेशन के निदेशक डॉ. ओमप्रकाश गुर्जर यजमान के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्री गणेश का विधिवत पूजन-अर्चन कर पुष्प, दूर्वा, चंदन, अक्षत एवं लड्डुओं का भोग अर्पित किया तथा सुख-समृद्धि एवं विघ्नों के निवारण की कामना की।

You might also like