14.6 किलो डोडा-चूरा और 46 नशीली गोलियों के साथ तस्कर गिरफ्तार

निसं
जयपुर (नवयत्न) । नशे के खिलाफ चलाए जा रहे राज्यव्यापी अभियान ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ के तहत बगरू थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पंजाब निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अठमोरिया पुलिया के पास बेहोशी की हालत में मिले गुरप्रीत सिंह के दो बैगों से 14 किलो 600 ग्राम अवैध डोडा-चूरा और 46 नशीली गोलियां बरामद की हैं। आरोपी के होश में आने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी गुरप्रीत सिंह (28) निवासी सिटी कोटकपुरा जिला फरीदकोट (पंजाब) है।
पुलिस के अनुसार 13 सितंबर को बगरू पुलिस की चेतक टीम को सूचना मिली कि अठमोरिया पुलिया के पास एक व्यक्ति बेहोशी की हालत में पड़ा है। चेतक प्रभारी हैड कांस्टेबल रामकरण जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। वहां संदिग्ध हालत में एक व्यक्ति दो बैगों के साथ पड़ा मिला। पुलिस ने तत्काल उसे उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय बगरू पहुंचाया।
अस्पताल पहुंचाने के बाद पुलिस ने दोनों बैगों की तलाशी ली। इनमें 14 किलो 600 ग्राम डोडा-चूरा, टेंटाडिल-100mg की 30 गोलियां और मिटिडोल-100mg की 16 गोलियां मिलीं। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
उपचार के बाद गुरप्रीत को होश आया। पुलिस ने उससे पूछताछ की और मादक पदार्थ बरामद होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी डोडा-चूरा और नशीली गोलियां कहां से लेकर आया था और इन्हें कहां सप्लाई किया जाना था। मुख्य सप्लायर और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

You might also like