कांग्रेस की बैठक आयोजित, चुनावों को लेकर रणनीति पर विचार

विजेंद्र सिंह लमोरिया
चिड़ावा (नवयत्न) । आगामी निकाय और पंचायती राज चुनावों की तैयारियों को लेकर रविवार को चिड़ावा के जामा मस्जिद के पास स्थित कांग्रेस कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पिलानी और चिड़ावा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से बुलाई गई थी, जिसमें पार्टी संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति पर गहन मंथन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी राजेंद्र बोरा ने की। इस दौरान पिलानी विधायक पितराम काला, पिलानी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विनोद काजला, चिड़ावा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजय सैनी, पूर्व पालिकाध्यक्ष सुमित्रा सैनी, पूर्व प्रधान शेर सिंह नेहरा, समाजसेवी शीशराम हलवाई, पूर्व प्रधान निहाल सिंह रणवा, शीशराम सैनी बिल्लू, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष विनीता रणवा, जिला महामंत्री नफीस मंड्रेलिया सहित कई प्रमुख नेताओं ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि आगामी चुनावों में पार्टी केवल ‘जिताऊ और टिकाऊ’ प्रत्याशियों को ही मैदान में उतारेगी। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि टिकट वितरण के बाद यदि किसी को पार्टी का टिकट नहीं भी मिलता है तो भी वे व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं को दरकिनार कर पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी की जीत के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करें। बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि निचले स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए जमीनी कार्यकर्ताओं को पूरा मान-सम्मान और तवज्जो दी जानी चाहिए। संचालन निखिल चौधरी ने किया। बैठक में पिलानी और चिड़ावा क्षेत्र के कई कांग्रेसी नेता मौजूद रहे, जिनमें जिला मंत्री प्रकाश गुर्जर, सुभाष भांबू, पूर्व उपप्रधान उमराव सिंह, पूर्व पालिका उपाध्यक्ष महेश हिम्मतरामका, अनिल कटेवा, लोकेश कटारिया, पिलानी के पूर्व पालिकाध्यक्ष हीरालाल नायक, बाबूलाल सोलंकी, कैप्टन शंकरलाल महरानिया और शिवलाल सैनी प्रमुख रूप से शामिल रहे। सभी नेताओं ने मिलकर आगामी चुनावों में कांग्रेस पार्टी का परचम लहराने का संकल्प लिया।

You might also like