श्रीश्याम वाटिका धाराजी में शांति के प्रतीक कबूतरों के पांच मंजिला आवास का कार्य पूर्ण
महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न) । जीव सेवा समिति अजीतगढ़ के अथक प्रयासों एवं भामाशाहों -दानदाताओं के सकारात्मक सहयोग से श्रीश्याम वाटिका धाराजी में शांति के प्रतीक कबूतरों के प्रस्तावित आवास के लिए 19 मार्च, 2026 चैत्र नवरात्रि एवं भारतीय नववर्ष के शुभारंभ पर विधि-विधान एवं पूजा अर्चना के साथ धरती पूजन सहित निर्माण कार्य का श्रीगणेश किया गया था जिसमें त्रिवेणी धाम के संत श्री श्री 1008 श्री रामरिछपालदास महाराज, वयोवृद्ध 98 वर्षीय शिक्षाविद् सूरजमल शिखवाल, वयोवृद्ध शिक्षाविद् घनश्याम पारीक, डॉ मंगल यादव, जीव सेवा समिति की कार्यकारिणी के समस्त सदस्यगण , गायत्री शक्तिपीठ के व्यवस्थापक गोविन्द नारायण शर्मा एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे थे। इस शांति के प्रतीक कबूतरों के साढ़े सात मंजिला आवास में 720 फ्लैट्स बनेंगे। यह आवास तकरीबन साढ़े सात मंजिला बनेगा जिसमें हर मंजिल पर 120 आवासीय फ्लैट्स यानि कुल 720 आवासीय फ्लैट्स बनेंगे। हर मंजिल का खर्च 75 हजार- 80 हजार के करीब आएगा।कुल खर्च तकरीबन 5 लाख 50 हजार के करीब आएगा। वर्तमान स्थिति यह है कि पांच मंजिल का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और ढ़ाई मंजिल का कार्य बाकी है।जीव सेवा समिति के अध्यक्ष महेश दीवान ने बताया कि शांति के प्रतीक कबूतरों के इस आवास का कार्य दानदाताओं एवं भामाशाहों के पूर्ण सहयोग एवं योगदान से ही सम्भव हो पाया है। जीव सेवा समिति अजीतगढ़ के प्रस्तावित आवास का सपना अब पूरा होने को है। सपना पूरा होने के बाद इस आवास में एक-साथ लगभग 4 हजार पक्षी एक- साथ अपना बसेरा कर सकेंगे। इस आशियाने -नुमा आवास में पक्षियों को कोई जान-माल का संभावित खतरा भी नहीं रहेगा क्योंकि आवास बिल्कुल चाक-चौबंद दुरुस्त बन रहा है।