त्रिवेणी धाम निःशुल्क चिकित्सा सेवा शिविर में अब पिता -पुत्र देंगे सेवा
महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न) । क्षेत्र के सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थल त्रिवेणी धाम में अब चिकित्सा सेवा की परम्परा को एक नई ऊर्जा मिलने जा रही है । पिछले 25 वर्षों से त्रिवेणी धाम में निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं दे रहे देश के जाने-माने न्यूरो सर्जन डॉ अंजनी कुमार शर्मा के साथ अब उनके सुपुत्र डॉ प्रांचल शर्मा भी जुड़ गए हैं। पिता -पुत्र की यह सेवाभावी जोड़ी अब हर महीने के दूसरे रविवार को लगने वाले निःशुल्क चिकित्सा शिविर में मरीजों का उपचार करेगी। त्रिवेणी धाम पुस्तकालय के महेश शर्मा ने बताया कि डॉ अंजनी कुमार शर्मा वर्षों से मरीजों को नि:स्वार्थ भाव से चिकित्सा सेवाएं दे रहे हैं। अब उनके सुपुत्र न्यूरो सर्जन डॉ प्रांचल शर्मा भी नियमित रुप से अपनी सेवाएं देंगे जिससे आसपास क्षेत्र के सैकड़ों मरीजों को बेहतर उपचार का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि त्रिवेणी धाम में लगने वाले शिविर में मरीजों का परीक्षण कर निःशुल्क दवाएं भी वितरित की जाएंगी।