उपखंड मुख्यालयों पर जलाई प्रतियां, काली पट्टी बांधकर जताया विरोध

अशोक राईका
झुंझुनूं (झुंझुनूं)। राजस्थान पटवार संघ के आह्वान पर मंगलवार को जिलेभर के उपखंड मुख्यालयों पर पटवारियों ने 5 फरवरी 2026 को जारी गिरदावरी परिपत्र के विरोध में प्रदर्शन किया। पटवारियों ने परिपत्र की प्रतियां जलाकर विरोध जताया और कार्यस्थल पर काली पट्टी बांधी। इसके बाद उपखंड अधिकारियों के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने बताया कि डीसीएस गिरदावरी ऐप की जटिल प्रक्रिया में सुधार, बकाया मानदेय का भुगतान और 5 फरवरी के परिपत्र को वापस लेने समेत कई मांगों को लेकर आंदोलन किया जा रहा है। पटवारियों ने ग्रेड पे 3600 यानी पे लेवल-10 करने, पदोन्नति कोटा बढ़ाने, विभिन्न भत्तों में वृद्धि और पटवार मुख्यालयों पर जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने की मांग रखी। संघ की प्रमुख मांगों में स्पष्ट स्थानांतरण नीति लागू करना, भू-अभिलेख निरीक्षक, नायब तहसीलदार और तहसीलदार पदों पर पदोन्नति कोटा 50 प्रतिशत करना तथा पटवारियों को लैपटॉप, प्रिंटर, इंटरनेट और फर्नीचर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना शामिल है। प्रदर्शन में पटवारी रवि बुडानिया, विजय झांग, विजय काला, रमेश सैनी, पंकज झाझड़िया, कृष्ण स्वामी, विनोद पंघाल, बिरेंद्र सिंह, संदीप माहिच, विजयपाल सहित जिलेभर के पटवारी शामिल रहे।
20 को एसडीएम, 21 को कलेक्टर का घेराव, 24 को विधानसभा कूच
पटवार संघ ने आंदोलन को आगे बढ़ाने का ऐलान किया है। 20 अगस्त को एसडीएम कार्यालयों का घेराव, धरना-प्रदर्शन और ज्ञापन दिया जाएगा। इसके बाद 21 अगस्त को जिला कलेक्टर कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन और परिपत्रों की होली दहन की जाएगी। संघ ने चेतावनी दी है कि 21 अगस्त तक मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो 24 अगस्त के बाद राजस्व मंडल का घेराव और विधानसभा कूच किया जाएगा।

You might also like