मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने की मांग, आदिवासी समाज ने सौंपा ज्ञापन
निसं
झुंझुनूं (नवयत्न)। आदिवासी कांग्रेस जिलाध्यक्ष रतन मीना जोधपुरा के नेतृत्व में आदिवासी समाज के प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि 17 नवंबर 1913 को गोविंद गुरु के नेतृत्व में करीब डेढ़ लाख आदिवासी औपनिवेशिक अत्याचार, अनुचित करों और जबरन बंधुआ मजदूरी के विरोध में मानगढ़ धाम पर एकत्रित हुए थे। इस दौरान निहत्थे आदिवासियों पर गोलियां चलाई गईं, जिसमें बड़ी संख्या में आदिवासी शहीद हुए थे। समाज के लोगों ने इसे जलियांवाला बाग हत्याकांड से पहले हुआ भीषण नरसंहार बताते हुए मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक का दर्जा देने की मांग की।
इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष बनवारी लाल मीना, अखिल भारतीय आदिवासी विकास परिषद अध्यक्ष रामचंद्र मीना, जिला प्रवक्ता एडवोकेट धर्मवीर मीना, उपाध्यक्ष रामकुमार सिंह मीना भीमसर, रोहिताश मीना भौडक़ी, दयानंद मीना, ओमप्रकाश मीना, राजेश मीना, जयपाल सिंह मीना, नवीन मीना, कृष्णकांत मीना सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।