तिरंगे का इतिहास और बंटवारे का दर्द दिखा रही प्रदर्शनी, 14 अगस्त तक आमजन कर सकेंगे अवलोकन

अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। हर घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार को स्काउट गाइड परिसर में जिला स्तरीय तिरंगा प्रदर्शनी एवं विभाजन विभीषिका स्मृति प्रदर्शनी शुरू हुई। विधायक राजेंद्र भांबू ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में तिरंगे के इतिहास, विकास और महत्व के साथ वर्ष 1947 के विभाजन के दौरान लोगों की पीड़ा, विस्थापन और संघर्ष को चित्रों व अन्य सामग्री के जरिए दिखाया गया है। प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए विधायक राजेंद्र भांबू ने कहा कि देश का विभाजन इतिहास का बेहद पीड़ादायक अध्याय है। लाखों लोगों को अपना घर छोडक़र विस्थापन और कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रदर्शनियां नई पीढ़ी को देश के इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम से जोडऩे के साथ देश की एकता, अखंडता और भाईचारे की भावना को मजबूत करती हैं। जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने कहा कि प्रदर्शनी में 1947 के विभाजन के दौरान हुए विस्थापन, पीड़ा और संघर्ष को दर्शाया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को इतिहास और राष्ट्रीय मूल्यों से जोडऩे का प्रभावी माध्यम हैं।
14 अगस्त तक देख सकेंगे प्रदर्शनी
जिला जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु सिंह ने बताया कि प्रदर्शनी 14 अगस्त तक आमजन के लिए खुली रहेगी। स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी, युवा और आमजन यहां आकर प्रदर्शनी का अवलोकन कर सकते हैं। प्रदर्शनी में स्वतंत्रता संग्राम, तिरंगे के गौरव एवं सम्मान और विभाजन की त्रासदी से जुड़ी जानकारी प्रदर्शित की गई है। इस अवसर पर स्काउट गाइड जिला अध्यक्ष गंगाधर सिंह सुंडा, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक राजेंद्र कुमार, सीओ स्काउट महेश कालावत, सीओ गाइड प्रियंका कुमारी, जिला प्रशिक्षण आयुक्त चिरंजीलाल शर्मा, हेडक्वार्टर कमिश्नर डॉ. रामावतार सबलानिया, लीडर ट्रेनर प्रहलाद राय जांगिड़, डिस्ट्रिक्ट ट्रेनिंग कमिश्नर गाइड सुनीता बेनीवाल सहित स्काउट-गाइड, रोवर्स-रेंजर्स और शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

You might also like