देवनारायण सेवा समिति ने करवाया पेयजल टंकी का निर्माण

निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। खेतड़ी उपखंड क्षेत्र के दुधवा में सोमवार को देवनारायण सेवा समिति की ओर से बनाई गई पेयजल टंकी का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व प्रधान बाबा जसनाथ महाराज थे जबकि अध्यक्षता समिति अध्यक्ष राजेंद्र गुर्जर ने की। कार्यक्रम के दौरान सर्वप्रथम अतिथियों ने विधिवत रूप से फीता काट कर पेयजल टंकी का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बाबा जसनाथ महाराज ने कहा कि ठाढेशवर परिसर में बनाई यह पेयजल टंकी आमजन के लिए काफी फायदेमंद साबित होगी। पेयजल की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था लेकिन अब इस समस्या से निजात मिल पाएगी। सेवा समिति की ओर से समाज में शिक्षा, आपसी सहयोग, सामाजिक एकता तथा जनहित से जुड़े कार्यों को बढ़ावा देने पर विशेष चर्चा की गई। उपस्थित लोगों ने कहा कि समिति समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता युवाओं को सकारात्मक दिशा देने तथा सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ  जागरूकता फैलाने का कार्य करेगी। साथ ही गांव के विकास एवं सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने के लिए नियमित रूप से बैठकें आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। ग्रामीणों ने समिति के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे समाज के लिए एक सकारात्मक पहल बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि समिति सामाजिक एकता को मजबूत करने, युवाओं को प्रेरित करने तथा जनहित के कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने समाज के विकास और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस दौरान पक्षियों के लिए परिंडे भी लगाएं। इस मौके पर ईश्वर सिंह, भोजराज, साधुराम, बंशीधर, दलीप, धर्मवीर गुर्जर, सतपाल रावत, घनश्याम, नेतराम, दीपक, नरेंद्र, लालचंद, सुखदेव, लोकेंद्र, विक्रम, भूपसिंह, संदीप, बुधराम, संजय, लेखराज, कमलेश, राम खिलाड़ी, महेंद्र, देशराज सहित अनेक लोग मौजूद थे।

You might also like