बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ डिस्कॉम का एक्शन

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । शहर में बढ़ती गर्मी के बीच बिजली व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विद्युत डिस्कॉम एक्शन में नजर आ रहा है। शहरी क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए टीम ने आधा दर्जन स्थानों से अवैध कनेक्शन हटाए हैं। अजमेर डिस्कॉम के सहायक अभियंता सचिन अग्रवाल ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से ट्रिपिंग और लो वोल्टेज की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। समस्या की गंभीरता को देखते हुए टीम का गठन कर रेलवे ओवरब्रिज के पास, कुम्हारों का बास और सिनेमा हॉल के पीछे के क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान कई कच्चे घरों में बिजली के पोल से सीधे तार जोड़कर भूमिगत केबल के माध्यम से अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते हुए पाया गया। टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए करीब आधा दर्जन स्थानों से अवैध कनेक्शन हटाए और उपयोग में ली जा रही केबल जब्त कर ली। सहायक अभियंता ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

You might also like