डॉ जुल्फिकार ने विधानसभा अध्यक्ष को भेंट की पुस्तकें व फोटो

शिवम दीक्षित
झुंझुनू (नवयत्न)। देश-विदेश में शोधकार्य कर स्वामी विवेकानंद पर पीएचडी करने और उनके विचारों का प्रचार-प्रसार करने का बीड़ा उठाने वाले जिले के भीमसर गांव के युवा लेखक व चिन्तक डॉ जुल्फिकार ने जयपुर में राजस्थान विधानसभा के वर्तमान अध्यक्ष वासुदेव देवनानी को अपनी 2 पुस्तकें रामकृष्ण मठ एवं रामकृष्ण मिशन, स्वामी विवेकानंद चिन्तन एवं रामकृष्ण मिशन खेतड़ी भेंट की।

साथ ही रामकृष्ण मिशन खेतड़ी सहित स्वामी विवेकानंद के पद-स्पर्श से पवित्र हुए स्थान अलवर, जयपुर, किशनगढ़, अजमेर, माउंट आबू, खेतड़ी-झुंझुनू व जोधपुर आदि उन स्थानों का मानचित्र भी भेंट किया जहां राजस्थान में 316 दिन की प्रवास यात्राओं के दौरान स्वामीजी गए थे। इस अवसर पर 16वीं राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि यह बिल्कुल सत्य है कि स्वामी विवेकानंदजी का राजस्थान की वीर भूमि और यहां के वीर सपूतों के प्रति विशेष प्रेम और सम्मान था।

उन्होंने राजस्थान को त्याग, वीरता और स्वाभिमान की भूमि माना। स्वामी विवेकानंद ने अपने जीवनकाल में लिखे 312 पत्रों में से 125 पत्र राजस्थान के लोगों को लिखे, जो यहां के लोगों के प्रति उनके विशेष प्रेम को दर्शाता है। इस अवसर पर डॉ जुल्फिकार ने विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी को बताया कि राष्ट्रीय युवा दिवस 2020 से शुरू किया गया विवेकानंद कैलेंडर अभियान अब तक 7 वर्षों में 80 हजार कैलेंडर नि:शुल्क वितरित कर चुके हैं और आगामी लक्ष्य एक लाख युवाओं तक स्वामी विवेकानंद के विचारों को पहुंचाना है।

You might also like