आईजी ने किया आमजन से संवाद, कानून व्यवस्था का लिया जायजा
रिजवान बागोट
बीदासर (नवयत्न) । पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और क्षेत्र की कानून व्यवस्था का जायजा लेने के लिए रविवार को बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश बीदासर पहुंचे। उनके आगमन पर उप पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिसकर्मियों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। जिसके बाद आईजी ने स्थानीय नागरिकों और प्रबुद्धजनों के साथ जनसुनवाई की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में शांति व्यवस्था और पुलिसिंग को और बेहतर बनाने के लिए लोगों से सुझाव मांगे। संवाद के दौरान कस्बे की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रतिनिधियों ने अपनी बात रखी। पूर्व पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश बैंगानी ने वर्तमान सीएलजी कमेटी के पुनर्गठन और सक्रिय सदस्यों को जोड़ने का मुद्दा उठाया। बैंगानी ने कहां कई मुखबिरों द्वारा पुलिस को गुप्त सूचनाएं दी जाती है वो लिक हो जाती है। उसके बाद मुखबिर को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इससे पुलिस को मुखबिर तंत्र के माध्यम से सूचनाएं नहीं मिल पाती, एडवोकेट गोविंद मेघवाल ने कस्बे में फल-फूल रहे जुआ, सट्टा और अवैध शराब की ब्रांचों को तुरंत बंद करवाने की मांग की तो वहीं पूर्व पार्षद पूसाराम चौहान और सीएलजी सदस्य अफजल हुसैन सलामपुरिया ने बढ़ती भीड़ और जाम की समस्या को देखते हुए कस्बे में स्थाई ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात करने का आग्रह किया तथा बीदासर बस स्टैंड पर तैनात ट्रेफिक पुलिसकर्मी धर्मपाल को पुनःबीदासर लगाने की मांग की। दूसरी और कस्बे के पुष्पेंद्र सिंह शेखावत ने सीएलजी में युवाओं को जोड़ने का सुझाव दिया तथा बीदासर थाने में एक युवक को थाने में बुलाकर बेवजह 170 बीएनएस में बंद करने की आईजी के समक्ष बात रखी। जिस पर तमाम शिकायतों और सुझावों को सुनने के बाद आईजी ओमप्रकाश ने उपस्थित नागरिकों को आश्वस्त किया कि पुलिस जनता के सहयोग के लिए तत्पर है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अवैध गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और सुझावों पर प्राथमिकता से अमल किया जाए। इस दौरान चूरू एसपी निश्चय प्रसाद एम, सुजानगढ़ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सतपाल सिंह, डीएसपी नेमीचंद चौधरी, आरपीएस प्रहलाद राय, बीदासर थानाधिकारी दिलीप सिंह, छापर थानाधिकारी इंद्रलाल, सांडवा थानाधिकारी चौथमल वर्मा सहित कई पुलिसकर्मी तैनात रहें।