जीजा की जगह परीक्षा देने वाला दस हजार का इनामी डमी अभ्यर्थी गिरफ्तार
निसं
जयपुर (नवयत्न)। राजस्थान लोक सेवा आयोग की प्राध्यापक (स्कूल शिक्षा) हिंदी भर्ती परीक्षा-2022 में जीजा की जगह डमी अभ्यर्थी बनकर परीक्षा देने वाले 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी को स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप ने गिरफ्तार किया है। आरोपी दिनेश कुमार बिश्नोई निवासी सरनाऊ/सांचौर, जालोर करीब दो साल से फरार था। एसओजी ने उसे 18 अगस्त को गिरफ्तार किया। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस विशाल बंसल के अनुसार प्रकरण की जांच में सामने आया कि मूल अभ्यर्थी शैलाराम निवासी रानीवाड़ा जिला जालोर के ऑनलाइन आवेदन में उसके सगे साले दिनेश कुमार ने फोटो मॉर्फ कर फर्जी हस्ताक्षर और फोटो लगाए थे। इसके बाद वह जीजा की जगह डमी अभ्यर्थी बनकर परीक्षा केंद्र पहुंचा और परीक्षा दी। परीक्षा पास करने के बाद दस्तावेज सत्यापन के दौरान प्रवेश पत्र, उपस्थिति पत्रक और विस्तृत आवेदन पत्र में लगी तस्वीरों में अंतर सामने आया। आरपीएससी की ओर से नोटिस जारी किए जाने के बावजूद मूल अभ्यर्थी शैलाराम उपस्थित नहीं हुआ। इसके बाद आयोग ने मामला दर्ज कराया। एसओजी ने कार्रवाई करते हुए शैलाराम को 23 अगस्त 2024 को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ चार्जशीट पेश कर दी थी। जीजा की गिरफ्तारी के बाद दिनेश भीनमाल की माहेश्वरी कॉलोनी और जालोर में अलग-अलग स्थानों पर पहचान छिपाकर रह रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था। आईजी अजयपाल लांबा और डीआईजी भुवन भूषण यादव के पर्यवेक्षण तथा एसपी कुंदन कंवरिया के नेतृत्व में एएसपी तरुण कांत सोमानी की टीम लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। आखिरकार 18 अगस्त को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एसओजी आरोपी से पूछताछ कर मामले में आगे की जांच कर रही है।