गंदा काला कीचड़ पसरा सड़कों पर

निसं 
सुजानगढ़ (नवयत्न)। शहर की सफाई व्यवस्था व गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था को देखते हुए लगता है जैसे जनता लावारिस हो गई है और सुनवाई करने के लिए किसी के पास वक्त नहीं है। जिम्मेदार जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी जन समस्याओं का समय पर समाधान कर जनता को राहत प्रदान करना तो जैसे भूल ही गए हैं। अखिल भारतीय किसान सभा के जिला संयुक्त सचिव काॅमरेड रामनारायण रूलाणिया ने बताया कि 3 फरवरी 2026 को अतिरिक्त जिला कलेक्टर संतोष कुमार मीणा को ज्ञापन सौंप कर समस्या का समाधान करवाने के लिए अवगत करवाया था कि बाई पास रोड़ पर स्थित तीन नंबर रेल फाटक के सामने कीचड़ भरने की समस्या विद्यमान है। फिर अखिल भारतीय किसान सभा के नेतृत्व में 27 फरवरी को उपखंड अधिकारी ओमप्रकाश वर्मा को ज्ञापन सौंपकर अवगत करवाया था, जिसमें नगर परिषद के जिम्मेदार अधिकारियों के साथ वार्ता भी हुई। लेकिन आज भी समस्या जस की तस पड़ी है और प्रशासन की अनदेखी के कारण पैदल राहगीर, बच्चे और वाहन चालक दिनभर इस गंदे पानी से निकलते हैं। रामनवमी के दिन कई विवाह शादी समारोह होने के कारण सुजानगढ़ शहर से गुजरने वाले लोगों को कहीं ना कहीं इस गंदे पानी से सामना करना पड़ा। सरकारी कार्यों में छुट्टी होने के कारण समस्या का समाधान भी नहीं हो पाया। दूसरी ओर रामनारायण रूलाणिया ने कहा है कि प्रशासन जल्द से जल्द इसका समाधान करे, वरना जनता के साथ मिलकर आन्दोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।

You might also like