4 बीघा खेत में लगी आग – बिजली के तार से हुआ शॉर्ट सर्किट
नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न)। तहसील क्षेत्र के ग्राम मालसर के खेत में रविवार को 11 हजार केवी बिजली लाइन में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। इस घटना में किसान बीरबलराम भूकर की करीब चार बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई।
ग्रामीण रामनिवास भूकर ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे खेत के ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज लाइन में अचानक स्पार्किंग हुई। चिंगारी गिरते ही सूखी गेहूं की फसल में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रैक्टर की मदद से खेत के चारों ओर फायर ब्रेक (घेरा) बनाया, जिससे आग को आगे फैलने से रोका जा सका। ग्रामीणों के त्वरित प्रयासों से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास के अन्य खेत सुरक्षित बच गए।
घटना की सूचना पर भानीपुरा तहसीलदार एवं संबंधित पटवारी को अवगत करा दिया गया है। उनके मौके पर पहुंचने के बाद नुकसान का सर्वे कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
आग बुझाने के प्रयासों में रंगाईसर के सुरेश सारण, राजू शर्मा, सुखवीर (हरियाणा), मालसर के मनीराम भादू, डूंगरराम नायक, भंवरलाल भादू, दिनेश माली, चुन्नीलाल मेघवाल सहित कई ग्रामीणों ने सहयोग किया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सर्वे कर प्रभावित किसान को उचित मुआवजा दिलाया जाए।