नोहरे में लगी आग से मची अफरा-तफरी

नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न) । रतनगढ़ शहर के वार्ड संख्या 42 में नोहरे में बने छप्परे में गत रात्रि को अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई तथा लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर नगर पालिका की दमकल मौके पर पहुंची तथा आग पर पानी डालकर काबू पाया। लेकिन तब तक छप्पर जलकर राख हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर के वार्ड संख्या 42 निवासी नंदलाल माली के नोहरे में गोवंश के लिए छप्पर बनाया हुआ था, जिसमें अज्ञात कारणों से आग लग गई। घटना में पीड़ित को हजारों रुपए का नुकसान हुआ है। हालांकि आग को देखकर मोहल्ले के कुछ युवाओं ने गोवंश को तुरंत बाहर निकाल लिया, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

You might also like