पहले कैम्पर से टक्कर मार कर तोड़ा ठेके का शटर फिर लूटी शराब
निसं
पिलानी (नवयत्न) । कस्बे के बस स्टैण्ड पर संचालित शराब ठेके के शटर को कैम्पर गाडी से टक्कर मार तोडऩे तथा ठेके में रखी शराब की बौतलें एवं नगदी लूटने का मामला थाने में दर्ज हुआ है। थानाधिकारी चन्द्रभान ने बताया कि केहरपुरा निवासी आशीष ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि वह बस स्टैण्ड पर शराब ठेका का संचालन करता है। ठेके पर विनोद कुमार सेल्समैन का काम करता है। शुक्रवार रात करीब 11 बजे शराब ठेका बंद था इसी दौरान कैम्पर गाडी में सवार हो कर धूमनसर निवासी योगेन्द्र, हेमंत, सचिन एवं आशीष तथा उनके साथ पांच छह अन्य लोग आए। कैमपर सवार युवकों ने सेल्समैन से शराब देने की मांग की। सेल्समैन ने समय सीमा समाप्त होने की बात कहते हुए शराब देने से इंकार कर दिया। इसी दौरान कैम्पर सवार युवकों ने कैम्पर गाडी की टक्कर मार कर शराब की दुकान का शटर तोड़ दिया जिससे दुकान में रखा डी फ्रीज एवं कुछ शराब की बोतलें टूट गई। आरोपी जाते समय दुकान से शराब की बोतलें तथा सेल्समैन से तीन से चार हजार रूपये भी लूट ले गए। इधर दूसरे पक्ष ने भी पुलिस में आशीष सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है कि शुक्रवार देर रात चार कैम्परों में सवार हो कर गांव घुमनसर की रोही में स्थित खेत में पहुंचे तथा अपने पिता को पानी पकड़ाने आई बच्ची को कैम्पर से टक्कर मार दी। हमले में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घालय का जयपुर के अस्पताल में उपचार चल रहा है।