तेज रफ्तार पिकअप और स्लीपर बस की भीषण टक्कर

डी के सैनी

जयपुर (नवयत्न ) । चौमूं थाना क्षेत्र में जयपुर-सीकर हाईवे स्थित राधा स्वामी बाग चौराहे पर शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार पिकअप और स्लीपर बस के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना जोरदार था कि सब्जियों से लदी पिकअप के परखच्चे उड़ गए और चालक वाहन में ही बुरी तरह फंस गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चौराहे पर स्लीपर बस खड़ी थी और यात्री उतर रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप अनियंत्रित होकर बस में जा घुसी। टक्कर की आवाज से आसपास के लोग सहम उठे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पिकअप में फंसे चालक को बाहर निकालने के लिए कड़ी मशक्कत की और उसे गंभीर हालत में नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार घायल की स्थिति नाजुक बनी हुई है और उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात बहाल कराया। हादसे के कारण नेशनल हाईवे-52 पर लंबा जाम लग गया, जिससे कई किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गईं और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
थाना प्रभारी हरबेन्द्र सिंह ने बताया कि घायल चालक की पहचान सतीश पुत्र सागरमल निवासी सीकर के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

You might also like