‘हॉकी वाली सरपंच’ नीरू यादव होंगी पैनलिस्ट, ग्रामीण विकास के नवाचार दुनिया के सामने रखेंगी
निसं
झुंझुनूं (नवयत्न)। झुंझुनूं जिले की लाम्बी अहीर ग्राम पंचायत की सरपंच नीरू यादव, जिन्हें लोग ‘हॉकी वाली सरपंच’ के नाम से जानते हैं, अब दुनिया के बड़े मंच ब्रिक्स वूमेन मिनिस्टीरियल मीटिंग-2026 में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगी। भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय और यूएन वूमेन इंडिया ने उनका चयन ग्रासरूट्स लीडर और पैनलिस्ट के रूप में किया है। यह बैठक 8 जुलाई को कोच्चि (केरल) में होगी। नीरू यादव महिला नेतृत्व और ग्रामीण विकास पर होने वाले पैनल-3 में देश के वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों और विशेषज्ञों के साथ शामिल होंगी। यहां वे अपने गांव में किए गए नवाचारों और महिला सशक्तिकरण के मॉडल को दुनिया के सामने रखेंगी।
इन नवाचारों से मिली अलग पहचान
नीरू यादव ने सरपंच बनने के बाद बर्तन बैंक, नारी दिशा, मेरा पेड़ मेरा दोस्त, कन्यादान और मुंह दिखाई में पौधा देने जैसी पहल शुरू की। उन्होंने गांव की बेटियों की हॉकी टीम भी तैयार की, जिससे उन्हें पूरे देश में ‘हॉकी वाली सरपंच’ के नाम से पहचान मिली। उनके इन कार्यों की राष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना हो चुकी है।
11 देशों के प्रतिनिधि होंगे शामिल
बैठक में ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, संयुक्त अरब अमीरात और इंडोनेशिया समेत 11 देशों के मंत्री, अधिकारी और विशेषज्ञ भाग लेंगे।इसमें महिला नेतृत्व, कौशल विकास, डिजिटल सुविधा, महिला आर्थिक सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।
वरिष्ठ अधिकारियों के साथ होंगी पैनलिस्ट
नीरू यादव पंचायती राज मंत्रालय के सचिव विवेक भारद्वाज, केरल सरकार की वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शर्मिला मैरी जोसेफ और युवा नेतृत्वकर्ता भक्ति शर्मा के साथ पैनल में शामिल होंगी।
गौरव की बात
नीरू यादव ने कहा कि यह सिर्फ उनकी नहीं, बल्कि झुंझुनूं, राजस्थान और देश के गांवों की उपलब्धि है। गांव में किए गए छोटे-छोटे नवाचार अब अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंच रहे हैं। यही भारत के ग्रामीण विकास मॉडल की सबसे बड़ी ताकत है।