वृक्षों को संतान की तरह संभालने वाले पर्यावरण प्रहरी का सम्मान
बृजेन्द्र सिंह लमोरिया
चिड़ावा (नवयत्न) । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर माली सैनी समाज संस्था झुंझुनूं द्वारा जिलेभर में विगत वर्षों में लगाए गए वृक्षों की उत्कृष्ट देखभाल, संरक्षण एवं संवर्ध्दन करने वाले पर्यावरण प्रेमियों को ‘वृक्ष मित्र पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। इसी क्रम में चिड़ावा ब्लॉक से संस्था के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं समाजसेवी एसआई बाबूलाल सैनी को उनके उल्लेखनीय पर्यावरणीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
उनके आवास पर आयोजित नागरिक अभिनंदन एवं सम्मान समारोह पिलानी ब्लॉक अध्यक्ष देवकरण सैनी के नेतृत्व तथा संस्था के जिलाध्यक्ष महेन्द्र शास्त्री की अध्यक्षता में हुआ। वक्ताओं ने कहा कि माली सैनी समाज संस्था झुंझुनूं शिक्षा, चिकित्सा, पर्यावरण संरक्षण एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में संस्था द्वारा किए जा रहे कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। संस्था का प्रत्येक अभियान समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहा है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद एसआई बाबूलाल सैनी ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं बल्कि पूरे चिड़ावा ब्लॉक तथा उन सभी पर्यावरण प्रेमियों का सम्मान है, जो पेड़ों को बचाने और हरियाली बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में और अधिक समर्पण एवं ऊर्जा के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष महेन्द्र शास्त्री ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण मानवता की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे पेड़-पौधों का पालन-पोषण अपने पुत्रों की तरह करें तथा लगाए गए पौधों को जीवित रखने की जिम्मेदारी भी निभाएं। उन्होंने किसान समुदाय से विशेष आग्रह करते हुए अधिक से अधिक फलदार वृक्ष लगाने का आह्वान किया, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ किसानों की आय में भी वृद्धि हो सके।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प दिलाया गया तथा समाजहित एवं प्रकृति संरक्षण के क्षेत्र में कार्यरत लोगों का उत्साहवर्ध्दन किया गया। इस अवसर पर ओमप्रकाश, अमरसिंह, राधेश्याम, राजेन्द्र, गिरधारी लाल, संजय, मनोज कुमार, कृष्ण कुमार, शीशराम सैनी (बिल्लू), सुनील कुमार, पुष्पेंद्र, काशी राम, बजरंग लाल, यशवर्द्धन, सुनील कुमार अध्यापक, संदीप मावंडिया, नरेश बगड़, दीनदयाल सैनी, बाघसिंह तोमर, रतनलाल सैनी, कैलाश खण्डोलिया सहित काफी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।