धूमधाम से निकली दुर्गा प्रतिमाओं की विसर्जन शोभायात्रा

निसं
मुकुंदगढ़ (नवयत्न)। कस्बे में शारदीय नवरात्र के तहत विभिन्न स्थानों वार्ड नं 1 में युवा नव निर्माण, राम मंदिर, सदाबहार, वार्ड नं 16 कुवा वाले बालाजी, वार्ड नं 21 में बालाजी दुर्गा पूजा, वार्ड नं 22 में पंचमुखी महादेव, ठड्डे वाले बालाजी, गढ़ के पीछे नव दुर्गा पूजा, वार्ड नं 11 नीम वाली दुर्गा पूजा, मंडी रेलवे स्टेशन नृसिंह दास बालाजी मंदिर दुर्गा पूजा एवं मंडी कमेटी गेस्ट हाउस स्थित बालाजी जन जागरण समिति की ओर से दुर्गा पूजा महोत्सवो का मंगलवार को समापन हुआ। प्रतिमाओं का विधि-विधान से विसर्जन किया गया। महोत्सव के तहत मंगलवार रात्रि को यज्ञ का आयोजन किया गया जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुतियां देकर सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। वहीं नौ दिनों तक नवरात्र का व्रत करने वाले श्रद्धालुओं ने अपने-अपने घरों में कन्या पूजन कर कन्याओं को भोजन करवाया तथा दक्षिणा भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया। दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन से पूर्व डीजे के भक्तिमय गीतों के साथ कस्बे के प्रमुख मार्गों से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में मां दुर्गा के भक्त नाचते-गाते और जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा कुम्भनाथ जी दरबार के सामने बने कुंड के पास पहुंची। मां दुर्गा की आरती कर प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।

You might also like