ग्राम पंचायत हड़ियाल में ग्राम रथ बना योजनाओं का सेतु
सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न) । राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित ग्राम रथ अभियान ग्राम पंचायत हड़ियाल में जागरूकता का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा। ग्राम रथ के जरिए विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी गांव के अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति तक पहुंचाई जा रही है। नाट्य प्रस्तुतियों, गीतों और संवादों के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया, जिससे आमजन में इन योजनाओं के प्रति रुचि और समझ बढ़ी।
ग्राम पंचायत हड़ियाल पहुंचने पर ग्राम रथ का ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा फूल बरसाकर भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में प्रशासक राकेश शर्मा की विशेष उपस्थिति रही। इस अवसर के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध पैरा ओलंपिक खिलाड़ी देवेन्द्र झाझड़िया रहे, जिनका ग्रामीणों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि झाझड़िया ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना ही सच्चा विकास है। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए शिक्षा, खेल और जागरूकता को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। प्रशासक राकेश शर्मा ने बताया कि सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को सरल और पारदर्शी बनाते हुए डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ अंतरण) के माध्यम से पात्र लोगों के खातों में सीधा लाभ पहुंचाया जा रहा है। इससे बिचौलियों की भूमिका खत्म हुई है और जरूरतमंदों को समय पर सहायता मिल रही है।
ग्रामीणों ने ग्राम रथ अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से उन्हें योजनाओं की सही जानकारी मिल रही है, जिससे पात्र परिवारों को लाभ लेने में आसानी होगी।
इस अवसर पर सहायक विकास अधिकारी टीकूराम मीणा, ग्राम विकास अधिकारी रामगोपाल शर्मा, कनिष्ठ सहायक मुकेश नायक, दिनेश शर्मा सहित भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अनुप खंडेलवाल,वार्ड पंच सविता,राजू सहारण,बाबूलाल,मुकेश कुमार,रविन्द्र सिंह आदि उपस्थित रहे ।