हत्या का आरोपी पति डिटेन

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । तहसील के बेड़ गांव में शनिवार को हुई संजु देवी की हत्या प्रकरण में मुख्य आरोपी पति की गिरफ्तारी के बाद पिछले तीन दिनों से चल रहा ग्रामीणों का धरना मंगलवार को समाप्त हो गया है। निम्बी जोधा थाना क्षेत्र के बेड़ गांव में प्रेमाराम ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी थी इस मामले से आक्रोशित ग्रामीण और परिजन मोर्चरी के बाहर धरना देकर बैठ गए। मंगलवार को विधायक मुकेश भाकर धरना स्थल पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से मामले की पूरी जानकारी ली। भाकर ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए सरकार और पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि पिछले दो सालों में जितने धरने लगे है पिछले दस सालों में नहीं लगे। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है और आमजन में भय का माहौल बनता जा रहा है। आमजन का खाकी से भरोसा उठने लगा है।
लाडनूं सीओ जितेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में मुख्य आरोपी प्रेमाराम को दिल्ली एयरपोर्ट से डिटेन किया गया है वह घटना के बाद टिकिट बनाकर विदेश भागने की फिराक में था। पुलिस टीम ने डिटेन कर लिया। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना के बाद परिजन शव का पोस्टमार्टम करवाने के लिए सहमत हो गए। पोस्टमार्टम के बाद मृतका का शव परिजनों के सुपुर्द किया गया और धरना समाप्त कर दिया है। इस दौरान लाडनूं तहसीलदार अनिरुद्ध पांडे, सीआई शिंभु दयाल, निम्बी सीआई सिद्धार्थ प्रजापत एवं पुलिस टीम मौजूद रही।

You might also like