मोदी के 12 वर्षों में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए : पूर्व मंत्री राजकुमार रिणवा

ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । पूर्व मंत्री राजकुमार रिणवां. ने सोमवार को राजलदेसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल में देश ने ऐतिहासिक विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत ने न केवल देश के भीतर बल्कि वैश्विक स्तर पर भी अपनी मजबूत पहचान बनाई है। रिणवां ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने, राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेस-वे के व्यापक विस्तार, वंदे भारत ट्रेनों के संचालन, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि योजना, पीएम श्री विद्यालयों के विकास, मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण तथा धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण जैसे अनेक ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं ने देश के विकास को नई गति प्रदान की है। पूर्व मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य किया है और उनके नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता एवं विकास की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में देश विकास की और अधिक ऊंचाइयों को छुएगा।.राजस्थान की चर्चा करते हुए रिणवा ने कहा कि प्रदेश में भी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार विकास कार्यों को गति दे रही है। उन्होंने अपने सरदारशहर विधानसभा क्षेत्र का उल्लेख करते हुए बताया कि उनके कार्यकाल में बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई जीएसएस स्थापित किए गए तथा पेयजल संकट के समाधान हेतु 29 ट्यूबवेल स्वीकृत कर बनवाए गए। इसके अलावा सड़क, शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र में भी उल्लेखनीय विकास कार्य कराए गए।.राजकुमार रिणवा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत को अपना परिवार मानकर कार्य करते हैं और देश सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से आने वाले समय में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित होंगे। इस दौरान उन्होंने भाजपा की ओर से राज्यसभा के लिए सतीश पूनिया एवं अलका गुर्जर को उम्मीदवार बनाए जाने पर केंद्रीय नेतृत्व के निर्णय का स्वागत करते हुए दोनों नेताओं को अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

You might also like