महला रोल बॉल एकेडमी बना ग्रामीण प्रतिभाओं का नया केंद्र
श्रवण सारस्वत
रींगस (नवयत्न) । महला रेजिडेंशियल पब्लिक स्कूल की महला रोल बॉल एकेडमी खेल जगत में लगातार नई ऊँचाइयाँ हासिल कर रही है। एकेडमी के खिलाड़ी अनुशासन, कठिन परिश्रम और समर्पण के दम पर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम राज्य, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित कर रहे हैं।
एकेडमी के प्रशिक्षक पिंटू दयाल शर्मा खिलाड़ियों को खेल की तकनीकी बारीकियों के साथ-साथ टीम भावना, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं खेल संस्कारों का भी प्रशिक्षण दे रहे हैं। उनके कुशल मार्गदर्शन में खिलाड़ी प्रतिदिन लगभग तीन घंटे नियमित अभ्यास कर अपनी प्रतिभा को निखार रहे हैं।
विद्यालय सचिव विशाल महला द्वारा खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही आधुनिक सुविधाओं एवं प्रोत्साहन के कारण विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि निरंतर बढ़ रही है। विद्यालय में रोल बॉल के अतिरिक्त वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, एथलेटिक्स, खो-खो, बैडमिंटन तथा फिटनेस प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ी नई पहचान बना रहे हैं।
प्रशिक्षक पिंटू दयाल शर्मा के निर्देशन में खिलाड़ियों ने रोल बॉल प्रतियोगिताओं में राज्य स्तरीय, एसजीएफआई, ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी, राष्ट्रीय, नेशनल गेम्स एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक पदक जीतकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।
एकेडमी के खिलाड़ी महिपाल महला ने सभी आयु वर्गों एवं विभिन्न स्तरों की प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर विशेष उपलब्धि हासिल की है। वर्तमान में वे बीपीएड की डिग्री प्राप्त कर चुके हैं और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बने हुए हैं। वहीं पूजा महला एकेडमी की ऐसी प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं जिन्होंने सर्वाधिक पदक जीतने के साथ-साथ सरकारी सेवा में भी सफलता प्राप्त की है तथा वर्तमान में रींगस विद्युत विभाग में कार्यरत हैं।
एकेडमी के खिलाड़ी अभ्यास सत्र के दौरान उत्साह, ऊर्जा और खेल भावना के साथ दिखाई देते हैं। खिलाड़ियों का यह जज़्बा आने वाले समय में और बड़ी उपलब्धियों की ओर संकेत कर रहा है। महला रोल बॉल एकेडमी आज ग्रामीण प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच तक पहुँचाने का एक सशक्त माध्यम बन चुकी है।