जिम ट्रेनर हिडन कैमरा मामले में बड़ा खुलासा, अपनी ही पत्नी का आपत्तिजनक वीडियो वायरल किया
निसं
किशनगढ़ (नवयत्न)। किशनगढ़ में जिम ट्रेनर द्वारा महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो हिडन कैमरे से बनाकर ब्लैकमेल करने के चर्चित मामले में पुलिस जांच के बाद बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने अब तक की जांच में महिलाओं के हिडन कैमरा वीडियो बनाने तथा ब्लैकमेलिंग जैसे आरोपों की पुष्टि होने से इनकार किया है। वहीं आरोपी को अपनी पत्नी का आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने सोमवार को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही कई बातें जांच में अभी तक प्रमाणित नहीं हुई हैं। प्रारंभिक जांच में मामला पति-पत्नी के आपसी विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है।
एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस को अब तक ऐसी कोई सामग्री नहीं मिली है जिससे यह साबित हो सके कि आरोपी ने जिम में महिलाओं के हिडन कैमरे से वीडियो बनाए थे या उन्हें ब्लैकमेल किया था। उन्होंने लोगों से अपुष्ट और भ्रामक सूचनाएं सोशल मीडिया पर प्रसारित नहीं करने की अपील भी की।
पुलिस जांच में यह सामने आया कि आरोपी जिम ट्रेनर ने अपनी पत्नी का आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। इसी मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि आरोपी के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरणों को एफएसएल जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामले में और कौन-कौन से तथ्य सामने आते हैं।
मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है, वहीं पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने तक किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।