हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री में लगी भीषण आग, करोड़ों का सामान जलकर हुआ राख

सुभाष बर्मा
तारानगर (नवयत्न)। तारानगर-सरदारशहर सड़क मार्ग पर स्थित एक हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री में बुधवार सुबह भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। फैक्ट्री में रखा करोड़ों रुपये का तैयार माल, कच्चा माल और मशीनरी जलकर राख हो गई, वहीं आग की तपिश से पूरी बिल्डिंग भी पूर्णतया नष्ट हो गई। लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शीयों के अनुसार सुबह-सुबह अचानक फैक्ट्री से धुएं का गुबार उठता देखा गया। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया। सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। आग की भयावहता को देखते हुए तारानगर, सरदारशहर, रतनगढ़, राजगढ़, चूरू, नोहर, भादरा सहित आसपास के सभी इलाकों से दमकल की गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। दमकलकर्मियों के साथ-साथ पानी के टैंकरों और सैकड़ों स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पर काबू पाने का प्रयास किया गया एवं कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। घटना की सूचना मिलते ही भाजपा नेता राकेश जांगिड़, पालिका अध्यक्ष हरी इंदौरिया, बाबूलाल जांगिड़ आदि मौके पर पहुंचे। वहीं प्रशासन की ओर से एसडीएम प्रियंका कड़ेला, डीएसपी रोहित सांखला, ईओ अजय प्रताप सिंह, थाना अधिकारी पुष्पेन्द्र सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री मालिक विनोद जांगिड़ ने बताया कि उनकी फैक्ट्री में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग से उन्हें करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है। आगजनी की रिपोर्ट तारानगर पुलिस को दी गई है।

You might also like