बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए किशोरी मेला आयोजित
सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न)। सरकार की बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने की महत्वाकांक्षी योजना के तहत मंगलवार को ब्लॉक स्तरीय किशोरी मेला 2026-27 का भव्य आयोजन स्थानीय Óराजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, तारानगर (नोडल विद्यालय) में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य छत्तूराम धानिया ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी बबलेश शर्मा रहे। कार्यक्रम में बतौर अतिथि एसीबीईओ राजवीर सिंह, एसीबीईओ संजय कुमार शर्मा, आरपी भोजराज तथा राउमावि मोरथल के प्राचार्य राकेश कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन सोमवीर पूनियां द्वारा किया गया। मेले के दौरान छात्राओं द्वारा लगाई गई स्टॉल व मॉडलों का मूल्यांकन निर्णायक मंडल रीतू, विशाखा, महेन्द्र कुमार एवं देवकरण प्राध्यापक द्वारा किया गया। वहीं रजिस्ट्रेशन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी रोशन मीणा प्राध्यापक ने संभाली। प्रतियोगिता में उच्च प्राथमिक स्तर पर जोन-1 हिन्दी/अंग्रेजी में रेणु राउमावि करणपुरा, जोन-2 गणित/विज्ञान में रहीना पीएमश्री इंद्रमणी शारदा तारानगर तथा जोन-3 में प्रियंका राउमावि रैड़ी भूरमाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं माध्यमिक स्तर पर जोन-1 में आविष्का जीएसएसएस मोरथल, जोन-2 में सिध्दी जीएसएसएस नेठवा तथा जोन-3 में गौतम राउमावि कैलाश ने प्रथम स्थान प्राप्त कर जिला स्तर के लिए चयनित हुए। मेले में ब्लॉक के विभिन्न राजकीय विद्यालयों से आई 60 छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। छात्राओं ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं जीवन कौशल से जुड़े विषयों पर आकर्षक मॉडल, पोस्टर एवं स्टॉल लगाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सीबीईओ बबलेश शर्मा ने कहा कि किशोरी मेले का मुख्य उद्देश्य किशोरी बालिकाओं में आत्मविश्वास पैदा करना, उन्हें जीवन कौशलों से जोड़ना तथा शिक्षा के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने सभी छात्राओं के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में समेस्ता, अशोक कुमार वरिष्ठ अध्यापक, महेन्द्र कुमार, विक्की शर्मा, प्रभावती, उर्मिला, मीरा सहित ब्लॉक के अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं व छात्राएं मौजूद रही।