लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट की तहसील प्रभारियों की बैठक संपन्न, सामाजिक अभियानों की हुई समीक्षा
जयशंकर जांगिड़
झुंझुनू ( नवयत्न) । लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट की तहसील प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें पिछले चार महीनों में किए गए सामाजिक एवं जनहित कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रभारी राधेश्याम शर्मा सुखाडिया ने की, जबकि मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में संभागीय प्रभारी मनोज शर्मा रहें। बैठक के दौरान संगठन द्वारा समाज हित में चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों एवं गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। संभागीय प्रभारी मनोज शर्मा ने कहा कि ट्रस्ट लगातार सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए “सेल्फी परिंडे अभियान” चलाकर लोगों को पक्षियों के लिए परिंडे लगाने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से पेड़-पौधे लगाने, स्वच्छता अभियान चलाने और आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का कार्य भी किया गया।उन्होंने बताया कि प्लास्टिक मुक्त अभियान के तहत कपड़े के थैले बनाने और उनके उपयोग को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। वहीं सार्वजनिक स्थानों पर पक्षियों के लिए दाना डालने जैसे मानवीय कार्यों के माध्यम से लोगों को जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशील बनने की प्रेरणा दी जा रही है।
अध्यक्षता कर रहे जिला प्रभारी राधेश्याम शर्मा सुखाडिया ने कहा कि समाज के कई जरूरतमंद लोग सरकारी योजनाओं की जानकारी के अभाव में लाभ से वंचित रह जाते हैं। ट्रस्ट ऐसे लोगों तक पहुंचकर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि वृद्धजन पेंशन, दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने, जरूरतमंद बुजुर्गों के मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए शिविर लगाने तथा अन्य सामाजिक सहायता कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
बैठक में विभिन्न तहसीलों के प्रभारियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में किए गए कार्यों की जानकारी साझा की और आगामी योजनाओं पर विचार-विमर्श किया। इस अवसर पर चिड़ावा प्रभारी रजनीकांत मिश्रा, उदयपुरवाटी प्रभारी अजय तसीड़, बिसाऊ प्रभारी सूर्यकांत सैनी, खेतड़ी प्रभारी मुकेश सैनी, बुहाना प्रभारी नवीन पंवार, नारायण कुमार पाण्डे, हेमन्त खेतड़ी सहित जिलेभर के कई प्रभारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।