जल संरक्षण का दिया संदेश
नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न) । राजस्थान सरकार के “वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान” के अंतर्गत चूरू रोड स्थित चुंगी नाका के पास विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम राजस्थान सरकार में विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार के मुख्य आतिथ्य में राहगीरों को पानी पिलाकर जल संरक्षण एवं जल के अपव्यय को रोकने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर अतिथियों का साफा एवं पुष्पहार पहनाकर स्वाग किया। रामगोपाल सुथार ने “वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान” की महत्ता बताते हुए कहा कि जल ही जीवन का आधार है तथा प्रत्येक व्यक्ति को जल संरक्षण के प्रति जागरूक होकर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। सुथार ने कहा कि वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान गत 25 मई से आगामी 5 जून 2026 तक पूरे प्रदेश भर में राज्य सरकार का महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। पूर्व विधायक अभिनेश महर्षि ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान आने वाली पीढ़ियों के लिए जल बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम के समापन अवसर पर जलदाय विभाग के एक्सईएन महेन्द्र काँटीवाल ने जल संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए पानी के अपव्यय को रोकने तथा वर्षा जल संचयन अपनाने पर जोर दिया।इस दौरान उपस्थित गणमान्य नागरिकों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं राहगीरों को जल संरक्षण की शपथ भी दिलवाई व कार्यक्रम का संचालन भाजपा शहर मंडल महामंत्री डॉ. अरुण पंचलगिया ने किया। इस अवसर पर विधानसभा संयोजक अर्जुन सिंह फ्रांसा, जिला प्रवक्ता ओम महर्षि, शहर मंडल अध्यक्ष महेश सैनी, विधानसभा विस्तारक द्वारका प्रसाद सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मंचासीन रहे।