मंत्रालयिक कर्मचारियों ने जिला कलेक्टर को भेजा ज्ञापन
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । मंत्रालयिक कर्मचारियों की विगत वर्षों से लंबित पदोन्नति समिति (DPC) बैठक आयोजित करवाने एवं पूर्व में पदोन्नत कार्मिकों का पदस्थापन करवाने की मांग को लेकर तहसीलदार अनिरुद्ध पांडे को ज्ञापन सौंपा गया है। ब्लॉक अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार जाट ने बताया कि जिले के विभिन्न कार्यालयों में कार्यरत मंत्रालयिक कर्मचारियों की पदोन्नति समिति (DPC) की बैठक विगत 2 वर्षों से आयोजित नहीं की गई है। इसके कारण बड़ी संख्या में पात्र कर्मचारी समय पर पदोन्नति से वंचित हैं तथा उनमें निराशा एवं असंतोष की भावना व्याप्त है। मंत्रालयिक कर्मचारियों द्वारा विभागीय कार्यों का निर्वहन जिम्मेदारी के साथ किया जा रहा है, परंतु समय पर पदोन्नति नहीं होने के कारण कर्मचारियों के सेवा हित गंभीर रूप से प्रभावित हो रहे हैं। पदोन्नति में हो रही अनावश्यक देरी के कारण कर्मचारियों की वरिष्ठता, वेतन निर्धारण, भविष्य की पदोन्नति संभावनाएँ एवं अन्य सेवा लाभ भी प्रभावित हो रहे हैं।
इसके अतिरिक्त, लगभग 3 वर्ष पूर्व आयोजित DPC बैठक में जिन मंत्रालयिक कर्मचारियों को पदोन्नत किया गया था, उनका आज तक पदस्थापन नहीं किया गया है। इससे संबंधित कर्मचारियों को पदोन्नति का वास्तविक लाभ प्राप्त नहीं मिल पा रहा है। कई कार्मिक आज भी पूर्व पदों पर कार्य करने को विवश हैं, जिससे प्रशासनिक कार्य व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ज्ञापन में सरकार से कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों पर विचार करने की मांग रखी गई है।