बच्चियों के लिए आधुनिक लाइब्रेरी का हुआ उद्घाटन
नवरतन वर्मा
चूरू (नवयत्न) । जिले की रतनगढ़ तहसील की पंचायत रतनसरा में एक वृहद ‘ग्रामीण सेवा शिविर’ का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की स्थानीय समस्याओं का मौके पर ही त्वरित निस्तारण करना तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे आमजन तक पहुँचाना रहा। शिविर में कुल 22 महत्वपूर्ण सरकारी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई। शिविर के दौरान एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक पहल के रूप में, ग्राम पंचायत प्रशासन की ओर से शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘बच्चियों की विशेष डिजिटल लाइब्रेरी’ का उपस्थित उच्चाधिकारियों द्वारा फीता काटकर लोकार्पण किया गया। अधिकारियों ने ग्राम पंचायत के इस दूरदर्शी कदम की सराहना करते हुए कहा कि यह लाइब्रेरी ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने में मील का पत्थर साबित होगी। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाकर ग्रामीणों के राजस्व मामले, आधार कार्ड, पेंशन, पेयजल, विद्युत, और स्वास्थ्य संबंधी प्रकरणों की गंभीरता से जनसुनवाई की गई एवं अनेक मामलों का मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित किया गया। आयोजित शिविर में मुख्य अतिथि एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के रूप में एडीपीएस मीनू वर्मा, उपखंड अधिकारी मिथिलेश कुमार, नायब तहसीलदार किशनलाल पूनिया, सहायक विकास अधिकारी दिलीप सोनी तथा गिरदावर संजय जोशी उपस्थित रहे।