रेलवे पटरी पार आबादी को जसवंतगढ़ फीडर से जोड़ने का विरोध, कॉलोनी वासियों ने विद्युत निगम कार्यालय का किया घेराव

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । नगर के रेलवे पटरी पार स्थित बसने वाली एक बड़ी आबादी क्षेत्र को जसवंतगढ़ विद्युत फीडर से जोड़ने के कारण हो रही अत्यधिक बिजली कटौती के विरोध में कॉलोनी वासियों ने बड़ी संख्या में एकत्र होकर विद्युत निगम कार्यालय का घेराव किया और समस्या के समाधान की मांग उठाई। ज्ञापन में बताया कि लाडनूं नगर के रेलवे पार स्थित मरियम मस्जिद, बीचला बास, खादी भंडार तथा पोस्ट ऑफिस क्षेत्र के वार्ड संख्या 38 की बड़ी आबादी को विद्युत विभाग ने नगर क्षेत्र होने के बावजूद जसवंतगढ़ ग्रामीण फीडर से जोड़ रखा है। इसके कारण लोगों को अत्यधिक बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। इस क्षेत्र में पिछले 20 दिनों से प्रतिदिन करीब 8 घंटे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहती है, जिससे आमजन का दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। लगातार बिजली कटौती के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है तथा भीषण गर्मी में बुजुर्गों , महिलाओं और बच्चों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। नगर क्षेत्र में ग्रामीण क्षेत्र जैसी असमान विद्युत आपूर्ति व्यवस्था लागू किए जाने से स्थानीय नागरिकों ने गहरा आक्रोश जताया। स्थानीय लोगों ने सहायक अभियंता कार्यालय का घेराव कर प्रशासन से इस गंभीर समस्या का शीघ्र समाधान करने, क्षेत्र को जसवंतगढ़ फीडर से अलग कर नियमित और सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। इस अवसर पर निर्वतमान पार्षद संदीप, अब्दुल हमीद बल्खी, राजू दईया, जावेद बल्खी, इकबाल क़ाज़ी, असगर राव, उस्मान सोलंकी, आरिफ छींपा, हाफिज अब्दुल रशीद, इरफान, फिरोज, अब्दुल वहीद सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

You might also like