20 मई को दवा व्यापारियों का देशव्यापी बंद
अमित प्रजापत
सुजानगढ़ (नवयत्न) । अवैध ई-फार्मेसी के संचालन और बड़े कॉरपोरेट्स की मनमानी नीतियों के विरोध में आगामी 20 मई को देशभर की दवा दुकानें बंद रहेंगी। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (एआईओसीडी) के आह्वान पर आयोजित इस एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी बंद के समर्थन में सुजानगढ़ केमिस्ट एसोसिएशन ने ए.डी.एम को ज्ञापन सौंपकर हस्तक्षेप की मांग की है। ऑनलाइन दवाओं की अनियंत्रित बिक्री से बिना पर्चे की दवाएं और नकली दवाओं का खतरा बढ़ रहा है, जिससे जनस्वास्थ्य संकट में है। ज्ञापन में कॉरपोरेट्स की नीतियों का विरोध जताया गया है, क्योंकि बड़े कॉरपोरेट्स द्वारा अत्यधिक छूट देकर छोटे केमिस्टों को खत्म करने की कोशिश की जा रही है। इसी प्रकार पुरानी अधिसूचनाओं की वापसी कोविड काल में लागू की गई आपातकालीन अधिसूचना को वापस लिए जाने की मांग भी की गई है। दवा विक्रेताओं ने चेतावनी दी है कि सरकार की अनदेखी के कारण देश के 12.40 लाख दवा व्यापारियों और उनसे जुड़े 5 करोड़ लोगों की आजीविका दांव पर लगी है। ज्ञापन सौंपने के दौरान चूरू जिला केमिस्ट एसोसिएशन के जिला सचिव अनिल कुमार शर्मा, सुजानगढ़ केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष भोमाराम बिजारणियां, सचिव सुमनेश शर्मा, कोषाध्यक्ष पुरुषोत्तम सारड़ा, रावताराम कालेर शंकर स्वामी, जितेंद्र सर्राफ, लक्ष्मीकांत गुर्जर, राहुल जैन, बजरंग रांकावत, अमित जैन, विशाल बाजिया, रामावतार खंडेलवाल सहित कई केमिस्ट पदाधिकारी उपस्थित रहे।