बाईपास पर शराब ठेके का विरोध

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । बाईपास सैनिक स्कूल के सामने संचालित अंग्रेजी शराब व बीयर की दुकान को हटाने की मांग को लेकर सोमवार को मोहल्लेवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष शराब ठेके के बाहर धरने पर बैठ गए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ठेके के आसपास आए दिन शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। शराब पीकर लोग मोहल्ले में पहुंचते हैं, जिससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वार्डवासियों ने बताया कि ठेका मंदिर के नजदीक गलत जगह लगाया गया है। यहां कई बार शराबियों द्वारा झगड़ा-फसाद और उत्पात मचाने की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। धरने पर बैठी महिलाओं ने कहा कि शराब ठेके की वजह से मोहल्ले में असुरक्षा का माहौल बन गया है। शाम होते ही यहां शराबियों की भीड़ लग जाती है, जिससे परिवारों का घर से निकलना तक मुश्किल हो गया है। लोगों ने प्रशासन से मांग की कि आबादी क्षेत्र से शराब ठेका तुरंत हटाकर किसी अन्य स्थान पर शिफ्ट किया जाए। लोगों ने जल्द समाधान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी। सूचना के बाद मौके पर सीआई शिंभू दयाल मीणा, एएसआई नवाब खान और आबकारी पुलिस के अधिकारियों ने पहुंचकर समझाइश की और कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

You might also like