नूर फाउंडेशन ने दरगाह में लगाए पौधे
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का संदेश देने के उद्देश्य से नूर फाउंडेशन लाडनूं के तत्वावधान में सोमवार को विश्वनाथपुरा स्थित हजरत गन्नी बाबा दरगाह परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान दरगाह परिसर में दर्जनों पौधे लगाए गए। नूर फाउंडेशन के संरक्षक डॉ. गुलाब नबी ने बताया कि उनके माता-पिता की बरसी के अवसर पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी गन्नी बाबा दरगाह परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम रखा गया। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे पर्यावरण संरक्षण के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवन और हरियाली का आधार हैं। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के माध्यम से मातृ सम्मान के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
सांप्रदायिक सद्भाव की मिसाल है दरगाह:
गन्नी बाबा की दरगाह लाडनूं क्षेत्र में सांप्रदायिक सद्भाव और भाईचारे का प्रमुख स्थल मानी जाती है, जहां हिंदू-मुस्लिम सहित विभिन्न समुदायों के लोग दूर-दराज से आकर श्रद्धा व्यक्त करते हैं। दरगाह परिसर में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण के साथ सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में डॉ. नानूराम चोयल, सेवानिवृत्त जॉइंट कमिश्नर परिवहन विभाग, शहर काजी मोहम्मद मदनी, पूर्व पार्षद नौशाद अली, मोहम्मद अनीश, सेवानिवृत्त मुख्य प्रबंधक पूशे खान, श्रवण कालेरा, इंसाफ खान, रामनिवास बिडियासर, प्रेमाराम चोयल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया।