तिरंगे के सम्मान में निकाली वाहन रैली

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत सोमवार को लाडनूं में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। पंचायत समिति लाडनूं की ओर से वाहन तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। उपखंड अधिकारी ममता लहुआ एवं पंचायत समिति विकास अधिकारी श्रवण जाखड़ ने तिरंगा लहराकर रैली को रवाना किया। रैली पंचायत समिति परिसर से शुरू होकर ऊन मील, खादी भंडार के सामने से होते हुए आसोटा पहुंची। इसके बाद रैली हाईवे मार्ग से होकर वापस पंचायत समिति परिसर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। रैली में बड़ी संख्या में प्रशासक एवं ग्राम विकास अधिकारी अपने-अपने वाहनों पर तिरंगा लेकर शामिल हुए। हाथों में लहराता तिरंगा और देशभक्ति के नारों से माहौल राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत नजर आया।
छात्राओं ने भी निकाली तिरंगा रैली:
इसी क्रम में पीएम श्री केसरदेवी बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं द्वारा भी तिरंगा रैली निकाली गई। छात्राएं हाथों में तिरंगा लेकर शहर के कपड़ा बाजार सहित प्रमुख मार्गों से गुजरीं। रैली के दौरान छात्राओं ने देशभक्ति का संदेश देते हुए लोगों को हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। रैली का सेवग चौक पहुंचकर समापन हुआ। रैली के माध्यम से शहरवासियों में राष्ट्रप्रेम, एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान का संदेश दिया गया।

You might also like