जाली नोटों सहित एक आरोपी गिरफ्तार
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। जाली भारतीय मुद्रा के प्रचलन पर प्रभावी रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना जसरासर ने कार्रवाई करते हुए जाली नोटों सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 500 रुपये के 6 तथा 200 रुपये के 2 जाली नोट, कुल 8 जाली नोट बरामद किए हैं। यह कार्रवाई महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओमप्रकाश आईपीएस, जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा आईपीएस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारीलाल मीणा तथा वृताधिकारी नोखा जरनैल सिंह आरपीएस के निकट सुपरविजन में की गई। पुलिस थाना जसरासर के थानाधिकारी राकेश स्वामी पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम जसरासर में आसूचना संकलन एवं मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी सुनील पारीक निवासी अमरसर, पुलिस थाना सांडवा, जिला चूरू के कब्जे से जाली भारतीय मुद्रा बरामद की गई। पुलिस ने बरामद जाली नोटों को फर्द जब्ती के जरिए जब्त किया। मूल फर्द एवं आरोपी को प्रकरण दर्ज करने के लिए नोडल थानाधिकारी पुलिस थाना कोटगेट, जिला बीकानेर को भेजा गया है। आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में थानाधिकारी राकेश स्वामी पुलिस निरीक्षक, सहायक उपनिरीक्षक सेवाराम, सहायक उपनिरीक्षक रविन्द्र सिंह, कांस्टेबल सुमित, कांस्टेबल मिन्टू तथा कांस्टेबल बलवान शामिल रहे। पुलिस के अनुसार कार्रवाई में कांस्टेबल बलवान की आसूचना संकलन एवं विशेष भूमिका रही। जाली मुद्रा के स्रोत तथा इसके प्रचलन से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।