रेल्वे पटरी पार शहरी क्षेत्र को ग्रामीण फीडर से जोड़ने का विरोध, वार्डवासियों ने एईएन के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयारत्न) । शहर के वार्ड संख्या 38 स्थित रेलवे पटरी पार के मकानात को शहरी विद्युत फीडर से हटाकर जसवंतगढ़ ग्रामीण फीडर से जोड़ने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। स्थानीय लोगों ने विद्युत निगम की इस मनमानी का विरोध जताते हुए इसे आम उपभोक्ताओं के हित के साथ कुठाराघात बताया। निवर्तमान पार्षद संदीप प्रजापत ने आरोप लगाया कि विद्युत निगम ने बिना किसी पूर्व सूचना के शहर के एक बड़े हिस्से की बिजली आपूर्ति शहरी फीडर से हटाकर जसवंतगढ़ ग्रामीण फीडर से जोड़ दी। उनका कहना है कि इस बदलाव से क्षेत्र में दिन और रात के समय अनावश्यक बिजली कटौती बढ़ गई है, जिससे आमजन के रोजमर्रा के कार्य एवं व्यापार प्रभावित हो रहा है। शहरी क्षेत्र के बिजली उपभोक्ता नियमित रूप से शहरी दरों के अनुसार बिजली बिल का भुगतान कर रहे हैं, लेकिन उन्हें अब ग्रामीण क्षेत्र की सुविधाओ में झोंक देना अनुचित है। स्थानीय निवासी अब्दुल हमीद बल्खी, इरफान छींपा, सोहेल, फिरोज छींपा आदि ने निगम के सहायक अभियंता पर रेलवे अंडरपास निर्माण एजेंसी को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से ऐसे मनमाने निर्णय लेने का आरोप लगाया है।
वार्डवासियों ने दी जन आंदोलन की चेतावनी
स्थानीय वार्ड वासियों ने कहा है कि यदि आगामी एक सप्ताह के भीतर उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया और क्षेत्र को पुनः शहरी फीडर से नहीं जोड़ा गया, तो बड़े स्तर पर जनांदोलन किया जाएगा। इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार अनिरुद्ध पांडे ने सहायक अभियंता सचिन अग्रवाल को पूरे प्रकरण की जांच करने तथा आवश्यक कार्रवाई करते हुए क्षेत्र की बिजली आपूर्ति दोबारा शहरी फीडर से जोड़कर आमजन को राहत प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

You might also like