युवा विकास समिति के प्रतिभा सम्मान समारोह में 100 से अधिक विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । राजलदेसर युवा विकास समिति के तत्वावधान में एवं मूलचंद दाऊलाल चौधरी बीकानेर भुजिया वाले के आर्थिक सहयोग से सोमवार को भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा, समाजसेवा एवं सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों के साथ-साथ बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 100 से अधिक विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों, गुरुजनों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति सराहनीय रही ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी पुष्पा देवी चिडालिया ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी संदीप व्यास उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में हरदीप सिंह तहसीलदार राजलदेसर , दाऊलाल चौधरी बीकानेर हुनतमल नाहर, गणेश रेवाड़िया , मदन बैद पूनमचंद गर्ग , हीरालाल सोनी , मुकेश श्रीमाल (अध्यक्ष युवा विकास समिति) एवं रतनलाल बारूपाल (कौर कमेटी अध्यक्ष) सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी अतिथियों का समिति की ओर से दुपट्टा एवं मोमेंटो भेंट कर स्वागत-सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नवकार मंत्र के साथ हुआ, जिसमें मोनिका बैद, मधु श्रीमाल, राज बैद सहित महिलाओं ने मंगलाचरण प्रस्तुत किया। वहीं पंडित बृजेश दाधीच के वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अतिथियों का तिलकार्जन किया गया।
समारोह में श्रीराम विद्यालय की छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। छात्राओं द्वारा स्वागत गीत एवं राजस्थानी संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियों को खूब सराहा गया। वहीं राधिका सोनी ने भी राजस्थानी लोकगीत पर आकर्षक प्रस्तुति देकर तालियां बटोरीं। समिति अध्यक्ष मुकेश श्रीमाल ने समिति की गतिविधियों एवं सामाजिक सरोकारों की जानकारी देते हुए कहा कि समिति लगातार शिक्षा, युवा जागरूकता एवं सामाजिक उत्थान के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी भामाशाहों, सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
समारोह के दौरान बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम देने वाले गुरुजनों का भी सम्मान किया गया। इसके अलावा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं एवं संगठनों से जुड़े 22 से अधिक समाजसेवियों और सक्रिय कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 100 से अधिक प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र, मिठाई, भुजिया पैकेट एवं स्कूल बैग प्रदान किए गए। विद्यार्थियों को स्कूल बैग समाजसेवी हुनतमल नाहर की ओर से वितरित किए गए। मुख्य अतिथि संदीप व्यास ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर मेहनत कर अपने परिवार, विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में गणेश रेवाड़िया , भुवनेश्वर शर्मा , तहसीलदार हरदीप सिंह, चुन्नीलाल घोषल सहित अन्य अतिथियों ने भी विचार व्यक्त किए । रतनलाल बारूपाल ने शानदार सफल कार्यक्रम के लिए सभी का आभार जताया । श्री राजलदेसर गौशाला परिवार के द्वारा भी दाऊलाल चौधरी का दुपट्टा शॉल पहनाकर व मोमेंटो तथा गौ माता का प्रतीक चिन्ह भेंट करके स्वागत किया कार्यक्रम का संचालन मोनिका बैद के द्वारा किया गया ।